Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Patna : सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भड़कीं लवली आनंद, बोलीं- आनंद मोहन को ही क्यों बनाया जा रहा बलि का बकरा, समर्थक करेंगे आंदोलन


पूर्व सांसद आनंद मोहन को जेल भेजने से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उनकी पत्नी एवं सांसद लवली आनंद ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि आनंद मोहन के साथ अन्याय हो रहा है और हर बार उन्हें ही बलि का बकरा बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में वे कानूनी सलाह लेंगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।

लवली आनंद ने कहा कि जब वे लोग वैशाली से लौट रहे थे, उसी दौरान उनके पति की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में आनंद मोहन की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद उन्हें भी प्रताड़ित किया गया और उन्हें जेल जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे बिना पिता के बड़े हुए हैं और परिवार ने काफी कठिनाइयों का सामना किया है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सवाल उठाते हुए लवली आनंद ने कहा कि पहले अदालत का फैसला था कि सामान्य कानून लागू किया जाए। इसके बाद बिहार सरकार ने कानून में बदलाव किया था, जिसके तहत आनंद मोहन समेत कई अन्य लोग जेल से बाहर आए थे। उन्होंने सवाल किया कि बिहार में 36 लोगों को रिहाई मिली, तो केवल आनंद मोहन के मामले में ही रिहाई से संबंधित फैसले को क्यों चुनौती दी जा रही है? बाकी लोगों के मामलों में ऐसा क्यों नहीं हुआ?

उन्होंने कहा कि तीन साल से आनंद मोहन जेल से बाहर हैं, लेकिन कुछ लोगों को उनका बाहर रहना पसंद नहीं आ रहा है। आखिर आनंद मोहन खुश क्यों हैं, यह बात कुछ लोगों को पच नहीं रही है। लवली आनंद ने इसे अन्याय बताते हुए कहा कि इस मामले को इतनी आसानी से समाप्त नहीं होने दिया जाएगा और यह लड़ाई दूर तक जाएगी।

लवली आनंद ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को निंदनीय बताते हुए कहा कि वे इसका विरोध करेंगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अपने वकीलों से कानूनी राय ली जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके समर्थक चुप नहीं बैठेंगे। जरूरत पड़ी तो आंदोलन किया जाएगा और समर्थक सड़क पर उतरेंगे।

लवली आनंद के इस बयान के बाद आनंद मोहन से जुड़े मामले में राजनीतिक और कानूनी बहस एक बार फिर तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments