सहरसा, महिषी: जिले के महिषी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में फंदे से लटक कर जान देने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पस्तपार पंचायत के वार्ड नंबर 01 निवासी विवेक पासवान की 26 वर्षीय पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरती देवी की शादी बीते 27 मार्च 2024 को दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के रामपुर रोता वार्ड नंबर 09 निवासी नुनू पासवान की बहन के रूप में हुई थी। शादी कुशेश्वरस्थान के एक मंदिर परिसर में सम्पन्न हुई थी। आरती के एक तीन महीने का दूधमुंहा बेटा भी है।
परिजनों का कहना है कि आरती के पति विवेक पासवान उत्तर प्रदेश में मजदूरी करते थे और करीब 20-25 दिन पहले ही वह गांव लौटे थे। मृतका के भाई नुनू पासवान ने आरोप लगाया कि विवेक आए दिन आरती पर मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे और ऐसा नहीं करने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। भाई का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष की ओर से ₹2 लाख दहेज की मांग की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि विवेक की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी की बीमारी के कारण मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद आरती से विवाह किया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर महिषी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिषी थानाध्यक्ष जय शंकर ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है। घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
यह घटना एक बार फिर समाज में दहेज प्रथा की कुरीति और महिलाओं के प्रति अत्याचार की भयावह सच्चाई को उजागर करती है।
0 Comments