राज्य स्तरीय युवा उत्सव–2025 सहरसा जिले के लिए गौरव और उपलब्धियों का उत्सव बन गया। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग तथा जिला प्रशासन मधुबनी द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में सहरसा के युवाओं ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा बिहार उनका साक्षी बना। समूह लोक नृत्य प्रतियोगिता में सहरसा को राज्य स्तर पर दूसरा स्थान मिला, जबकि नवाचार एवं विज्ञान मेला में जिले ने सभी 38 जिलों को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समूह लोक नृत्य में सहरसा की टीम ने पारंपरिक लोक कलाओं को आधुनिक मंचीय शैली के साथ प्रस्तुत कर दर्शकों और निर्णायकों से भरपूर सराहना पाई। इस टीम में सुषमा कुमारी, राज लक्ष्मी, श्रेया झा, स्मृति सिंह, क्षमा कुमारी, रिया कुमारी, श्रेया कुमारी, परिराज, सीमा कुमारी, आशीष कुमार राम और मनु कुमार शामिल थे। टीम को कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद तथा जिला पदाधिकारी मधुबनी आनंद शर्मा द्वारा शील्ड, मोमेंटो, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सफलता टीम लीडर हरेंद्र सिंह मेजर और सहायक प्रो. भारती सिंह के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम रही।
वहीं नवाचार एवं विज्ञान मेला में इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज सहरसा के प्रतिभागियों ने अपने तकनीकी कौशल और रचनात्मक सोच से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके अभिनव प्रयोगों और वैज्ञानिक मॉडलों ने सहरसा को प्रथम स्थान दिलाया। इस वर्ग में भी प्रतिभागियों को शील्ड, मोमेंटो, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। विज्ञान मेला टीम के प्रबंधन और समन्वय में टीम मैनेजर आनंद झा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सहरसा की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला पदाधिकारी दीपेश कुमार, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा झा, प्रो. गौतम सिंह सहित कई गणमान्य लोगों और जिलेवासियों ने प्रतिभागियों को बधाई दी। इस उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि सहरसा के युवा न केवल अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े हैं, बल्कि विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को छूने की क्षमता रखते हैं।
0 Comments