सहरसा : जिले के लिए गर्व की बात है कि 69वें स्कूल नेशनल गेम्स के अंडर-19 वर्ग में सहरसा प्रखंड के सिमरी बख्तियारपुर स्थित डीसी कॉलेज, मोहनपुर ग्राम पंचायत की छात्रा प्रतिभा कुमारी का चयन नेटबॉल खेल के लिए बिहार टीम में किया गया है। प्रतिभा कुमारी, पिता रामचंद्र यादव, 25 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक कर्नाटक के मंगलोर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतिभा के इस राष्ट्रीय स्तर पर चयन पर सहरसा के डीडीसी संजय कुमार निराला एवं जिला खेल पदाधिकारी वैभव कुमार ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस सफलता के पीछे नेटबॉल के सचिव सह मध्य विद्यालय मोहनपुर के शारीरिक शिक्षक राज किशोर गुप्ता की कड़ी मेहनत को अहम माना जा रहा है, जिनके प्रयासों से हर वर्ष सहरसा से खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं। वहीं संरक्षक प्रमोद कुमार झा के मार्गदर्शन में जिले में नेटबॉल लगातार आगे बढ़ रहा है।
खिलाड़ी के चयन से जिले में खुशी का माहौल है। नेटबॉल संघ के जिला संयोजक सह मोहनपुर ग्राम पंचायत के मुखिया संजीव कुमार जायसवाल चौधरी द्वारा समय-समय पर खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित करने से बच्चों में बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिल रही है। इसमें संघ के अध्यक्ष आनंद कुमार झा और कोषाध्यक्ष ब्रजेश कुमार का भी महत्वपूर्ण योगदान बताया जा रहा है।
इस अवसर पर नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव संतोष कुमार, बिहार टीम के कोच कुश कुमार त्रिपाठी, नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ कटिहार के सचिव सह बिहार टीम मैनेजर एवं प्रधानाध्यापक राघव सिंह, हॉकी एसोसिएशन ऑफ सहरसा के अध्यक्ष सुनील कुमार झा, भेलवा उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक मनोज चौधरी सहित पुनीता झा, शशि भूषण, जितेंद्र कुमार, हरेंद्र नारायण सिंह, मनोरंजन सिंह समेत कई खेल प्रेमियों और शिक्षाविदों ने प्रतिभा कुमारी को ढेर सारी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

0 Comments