बिहार सरकार के गृह विभाग ने नए साल से पहले भारतीय पुलिस सेवा के कई अधिकारियों को प्रोन्नति देने की अधिसूचना जारी की है। इसी क्रम में 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार को पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) से पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के पद पर प्रोन्नत किया गया है। उनकी यह प्रोन्नति एक जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
वर्तमान में आईपीएस मनोज कुमार कोसी रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं और नए साल में एक जनवरी से वे पुलिस महानिरीक्षक के पद को सुशोभित करेंगे। उन्होंने वर्ष 2024 में कोसी रेंज डीआईजी के रूप में योगदान दिया था।
अपने करीब दो वर्षों के कार्यकाल के दौरान मनोज कुमार ने सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिलों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार और विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा जैसे कई अहम कार्य किए हैं। उन्होंने फ्रेंडली पुलिसिंग को बढ़ावा देने के साथ-साथ अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
गौरतलब है कि डीआईजी बनने से पहले आईपीएस मनोज कुमार सुपौल जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी प्रोन्नति से कोसी क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
0 Comments