मधेपुरा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 20 दिन पहले ससुराल से अपहृत एक विवाहिता को गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उदाकिशुनगंज बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामद युवती मधेपुरा जिले के रतवारा थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
मामले को लेकर पीड़िता की मां ने बिहारीगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी की शादी 29 जनवरी को बिहारीगंज थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। शादी के महज तीसरे दिन यानी 31 जनवरी को जब युवती शौच के लिए घर से बाहर निकली, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे जबरन चार पहिया वाहन में बैठाकर अपहरण कर लिया।
इस घटना के बाद पीड़िता की ओर से रतवारा थाना क्षेत्र के गुरुदेव कुमार और कैलाश सिंह सहित कुल नौ लोगों के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार छापेमारी शुरू कर दी थी।
लगातार पुलिस दबाव और गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार सुबह उदाकिशुनगंज बस स्टैंड से युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
0 Comments