Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में 4 साल की बच्ची को सिर में गोली, हालत नाजुक | Saharsa Shocking Incident Girl Shot Mystery



सहरसा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात अपराधी ने एक 4 साल की मासूम बच्ची को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के मुताबिक, घायल बच्ची की पहचान सौरबाजार थाना क्षेत्र के मधुरा गांव वार्ड नंबर 5 निवासी विकास शर्मा की 4 वर्षीय पुत्री संजना कुमारी के रूप में हुई है। संजना अपने घर के पास ही खेल रही थी, तभी अज्ञात शख्स ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली पीछे से सिर को पार करते हुए निकल गई, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में बच्ची को सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची की हालत काफी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। बच्ची के दादा सूर्यनारायण दास ने बताया कि वह घर से काम के लिए निकले हुए थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि उनकी पोती को गोली लग गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने और किस वजह से चलाई।



इधर, मामले की सूचना मिलते ही सहरसा सदर थाना और सौरबाजार थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

सहरसा पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि 29 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे सौरबाजार थाना क्षेत्र के मथुरा गांव में 4 वर्षीय बच्ची को गोली मारकर जख्मी करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम, डॉग स्क्वॉड और DIU की टीम को भी जांच में लगाया गया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SIT का गठन किया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, आवेदन मिलते ही संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि इलाके में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है, लेकिन इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments