Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : सहरसा में महिला हत्या कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार



सहरसा जिले के चिरैया थाना क्षेत्र में हुए महिला हत्या कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह मामला 28 मार्च 2026 का है, जब प्रारंभिक सूचना में महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिमरी बख्तियारपुर, अंचल निरीक्षक एवं चिरैया थाना पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान साक्ष्य संकलन के लिए जिला आसूचना इकाई और एफएसएल टीम को बुलाया गया तथा स्थल को सुरक्षित रखा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खगड़िया भेज दिया।

मृतका के पिता के फर्दबयान के आधार पर चिरैया थाना कांड संख्या 13/26, दिनांक 28.03.2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर और अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं आसूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनखुश कुमार उर्फ मन्नू चौधरी और फनटुश कुमार, दोनों निवासी चिकनी टोला, थाना चिरैया, जिला सहरसा के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पत्नी के परिवार द्वारा अवैध रूप से धन की मांग को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।

इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर, अंचल निरीक्षक सुजाउद्दीन, सह-थानाध्यक्ष इन्द्रजीत तांती सहित चिरैया थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही।

फिलहाल, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Post a Comment

0 Comments