दरभंगा में हुए सड़क हादसे ने सहरसा कनेक्शन को लेकर मामला और गंभीर बना दिया है। इस हादसे में घायल युवक महाजन सहनी (31) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को पुनाच चौक के पास बालू लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार महाजन सहनी को सामने से टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे में शामिल ट्रैक्टर (नंबर- BR33GB 2163) सहरसा जिले के रहिटोल निवासी संतोष साहू का बताया जा रहा है। इस खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को जब्त कर पंचायत के मुखिया के दरवाजे पर खड़ा कर दिया।
मृतक के परिजनों ने सहरसा निवासी ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्नी रेणु देवी ने थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय और उचित मुआवजे की गुहार लगाई है। परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के अनुसार, मामले में आवेदन प्राप्त हो चुका है और जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सहरसा कनेक्शन सामने आने के बाद अब इस केस पर दोनों जिलों की नजर बनी हुई है।
0 Comments