सहरसा में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने निजी नर्सिंग होम की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार दोपहर सदर अस्पताल में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान देर रात परिजनों द्वारा कर ली गई। मृतका कहरा ब्लॉक रोड निवासी बताई जा रही है, जिसका मायका खगड़िया जिले में और ससुराल सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल में है। महिला का पति मध्यप्रदेश में काम करता है और वह 12 व 15 वर्ष के दो बच्चों की मां थी। बताया जा रहा है कि महिला घर से कुछ देर में लौटने की बात कहकर निकली थी, लेकिन दोपहर करीब तीन बजे उसका शव सदर अस्पताल में मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक ई-रिक्शा से महिला को स्ट्रेचर पर लादकर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर चले गए। जांच के दौरान डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। अस्पताल में शव मिलने के बाद अफरातफरी मच गई, जिसके बाद सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, अस्पताल पिकेट प्रभारी गुंजन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज खंगाला। शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस देर रात शहर के कारू खिरहरी रेलवे हॉल्ट के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम पहुंची। जानकारी के अनुसार, महिला तबीयत खराब होने पर उसी नर्सिंग होम गई थी, जहां से उसे ई-रिक्शा से सदर अस्पताल भेजा गया। शुक्रवार दोपहर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने नर्सिंग होम पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान वहां सन्नाटा पसरा मिला और एक मरीज को छोड़कर कोई डॉक्टर या कर्मी मौजूद नहीं था। यहां तक कि आईसीयू में ताला लटका मिला, जिससे नर्सिंग होम के संचालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला किन परिस्थितियों में एक स्थान से दूसरे स्थान स्थित नर्सिंग होम तक पहुंची और वहां क्या हुआ। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आवेदन मिलने पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
0 Comments