सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमसैनी वार्ड 46 स्थित एक ईंट भट्ठा पर फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भट्ठा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल महिला की पहचान असम निवासी 35 वर्षीय मलिकाबीबी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घायल महिला का इलाज भट्ठा संचालक की ओर से कराया जा रहा था। वहीं, मजदूरों ने आरोप लगाया है कि उन्हें असम से मजदूरी के नाम पर लाया गया, लेकिन यहां उनसे जबरन काम कराया जाता था और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी।
मजदूरों ने यह भी गंभीर आरोप लगाए हैं कि उन्हें बिजली का करंट देकर प्रताड़ित किया जाता था। इसके अलावा महिला मजदूरों के साथ दुर्व्यवहार और रात में जबरन ले जाने जैसी बातें भी सामने आई हैं। विरोध करने पर घायल महिला को एयर गन से गोली मारने का आरोप लगाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से 7 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया है, जिनसे थाने में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में महिला को एयर गन से गोली लगने की आशंका जताई गई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भट्ठा संचालक ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मियां को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। लाइन डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए माइनिंग विभाग को भी बुलाया गया है। संदिग्ध कमरे को सील किया जाएगा और एफएसएल टीम से भी जांच कराई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मजदूरों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से गहन जांच कर रहा है।
0 Comments