सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र में रविवार को अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए, जब तीरी पेट्रोल पंप के समीप खेत से लौट रहे एक 23 वर्षीय छात्र पर बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में छात्र के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को तुरंत सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक की पहचान बैजनाथपुर पंचायत के सबेला वार्ड नंबर 05 निवासी फूल चंद्र यादव के पुत्र शिवम कुमार श्रवण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शिवम मधेपुरा स्थित कॉमर्स कॉलेज में स्नातक पार्ट-2 का छात्र है और घटना के समय अपने खेत से घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शिवम जैसे ही तीरी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे घेर लिया। दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उस पर हथियार तानते हुए गोली चला दी। गोली शिवम के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे।
घायल छात्र शिवम ने अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में बताया कि यह हमला पुराने आपसी विवाद का परिणाम है। उसने आरोप लगाया कि विरोधियों ने रंजिश के चलते उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि युवक की स्थिति अब खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments