Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में दिनदहाड़े गोलीबारी और लूट! बाइक सवार बदमाशों का तांडव | Saharsa Crime News Today



सहरसा जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब दिनदहाड़े एक पशु व्यापारी को निशाना बनाकर लूटपाट और फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना में 55 वर्षीय मोहम्मद इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मद इसराइल खस्सी-बकरी की खरीद-बिक्री का कार्य करते हैं। रविवार की सुबह वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से बैजनाथपुर होते हुए सपहा और फिर बरदाहा टोला की ओर जा रहे थे। घायल इसराइल के अनुसार, सुबह करीब 7:15 बजे नाश्ता कर वे घर से निकले थे और बरदाहा टोला पहुंचने से महज कुछ कदम पहले ही पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।

इसराइल ने बताया कि अपराधियों ने उनकी बाइक को सटाकर रोक लिया और रुपये निकालने को कहा। जब उन्होंने विरोध किया, तो एक बदमाश ने कमर से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी, जिससे गोली उनके दाहिने हाथ में जा लगी। इसके बाद अपराधियों ने उनसे जबरन नकदी छीन ली। उन्होंने बताया कि उनकी जेब से करीब 34 हजार रुपये तथा उनके बेटे से 4500 रुपये लूट लिए गए। घटना के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड हवाई फायरिंग भी की।

घटना के बाद घायल इसराइल किसी तरह मौके से लौटे और रास्ते में ही डायल 112 पुलिस को रोककर मदद मांगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित मोहम्मद इसराइल सहरसा बस्ती के वार्ड संख्या 38 के निवासी हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments