Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : नीतीश कुमार से मिले जदयू नेता प्रभात रंजन झा, 20 वर्षों के शासन और विकास कार्यों पर दी बधाई



जदयू के निवर्तमान प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ नेता प्रभात रंजन झा ने बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके 20 वर्षों के ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व शासन के लिए बधाई दी, साथ ही उन्हें जदयू का पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

मुलाकात के दौरान प्रभात रंजन झा ने निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सहरसा जिला की ओर से मुख्यमंत्री को “समृद्धि यात्रा” के तहत 512 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान सहरसा में कुल 125 विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

प्रभात झा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में “न्याय के साथ विकास” की नीति को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को मुख्यधारा से जोड़ा है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के तहत साइकिल योजना और पंचायती राज में 50% आरक्षण जैसे कदमों की सराहना की, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।

इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में गांव-गांव तक स्कूल और अस्पतालों का विस्तार, सामाजिक सुधार के लिए शराबबंदी और दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान, तथा “हरित बिहार” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की भी उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों से बिहार का हरित आवरण 8% से बढ़कर 19% तक पहुंच गया है, जिसकी सराहना देश-विदेश में हो रही है।

मुलाकात के दौरान प्रभात रंजन झा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उनका मार्गदर्शन समय-समय पर कार्यकर्ताओं को मिलता रहे। वहीं, राज्यसभा जाने को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्पन्न संशय को भी उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि वह बिहार को छोड़कर नहीं जा रहे हैं और राज्यसभा के माध्यम से भी राज्य के विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे, साथ ही कार्यकर्ताओं और जनता का मार्गदर्शन करते रहेंगे।


Post a Comment

0 Comments