Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : राजस्व महाभियान को लेकर डीसीएलआर धीरज कुमार ने की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश



राजस्व महाभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और लंबित राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बुधवार को डीसीएलआर धीरज कुमार ने कहरा अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी निरंजन कुमार मिश्रा, राजस्व अधिकारी जयंती झा सहित सभी राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक कर विभिन्न राजस्व कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में डीसीएलआर ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, एलपीसी और मृत जमाबंदी से संबंधित लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

डीसीएलआर धीरज कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार 15 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक राजस्व महाभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर लोगों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन जमाबंदी में यदि खाता, खेसरा अथवा रकबा दर्ज नहीं है या उसमें किसी प्रकार की त्रुटि है, तो संबंधित रैयत भूमि से जुड़े आवश्यक साक्ष्यों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर उसमें सुधार करा सकते हैं। अधिकारियों को ऐसे मामलों के निष्पादन में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान अभियान बसेरा के तहत भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। डीसीएलआर ने अभियान के तहत पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर राजस्व कर्मचारी कन्हैया कुमार, बिनोद कुमार, धीरज कुमार तिवारी, मो. कलामुद्दीन, डाटा ऑपरेटर अमृत राज सहित अन्य राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments