सहरसा: शहर के सिद्धि प्रिया हाउस, बटराहा स्थित किड्स जोन स्कूल में एनुअल डे 2026 का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम की महापौर बेन प्रिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूल परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के निदेशक एससी खां ने की, जबकि प्राचार्य प्रीति झा, शिक्षक त्रिगुण झा, बरुण मिश्रा, भारती झा, जुही गुप्ता और अन्नु कुमारी सहित अन्य शिक्षकों ने अतिथियों को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन विनय पाठक ने कुशलतापूर्वक किया।
अपने संबोधन में महापौर बेन प्रिया ने कहा कि यह विद्यालय दिवंगत पार्षद सिद्धि प्रिया का ड्रीम प्रोजेक्ट था, जिसका उद्देश्य कम खर्च में आम लोगों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह पहल अब सार्थक होती दिख रही है। उन्होंने निजी स्कूलों से अपील की कि वे शिक्षा को व्यवसाय न बनाकर सेवा का माध्यम बनाएं और अभिभावकों का शोषण न करें। साथ ही सस्ती किताबें और ड्रेस उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस मौके पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रभावशाली भाषणों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में महापौर द्वारा बच्चों को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों में चंद्रमोहन ठाकुर, रामनाथ झा, अनिल झा, उदय खां, गुडू राय, विभाष झा, अरुण मिश्र, अमित दौलत, मनोज साह, आशीर्वाद झा, रतन खां, अजित यादव, विनोद सोनी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
0 Comments