Saharsa में सोमवार को बंगाली बाजार सब्जी मंडी और प्रशांत रोड मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ रेल प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
कहरा के राजस्व पदाधिकारी अमृत राज ने बताया कि सब्जी मंडी, प्रशांत रोड, बंगाली बाजार सहित आसपास रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 300 से अधिक अवैध अतिक्रमण हटाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से रहने या कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान सब्जी मंडी के कुछ विक्रेताओं ने विरोध जताते हुए पहले नाला हटाने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने साफ किया कि सड़क पर अवैध तरीके से दुकान लगने से जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न होती है। बाद में दुकानदारों ने आश्वासन दिया कि वे सड़क पर दुकान नहीं लगाएंगे, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
रेलवे प्रशासन की निगरानी में बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाए गए और दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था, जिसके बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से जगह खाली कर दी थी।
अतिक्रमण हटने के बाद स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क काफी चौड़ी नजर आई, जिससे आवागमन में लोगों को राहत मिली। गौरतलब है कि बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण शंकर चौक और दहलान चौक का रास्ता बंद है। ऐसे में यही मार्ग प्रमुख आवागमन का साधन बना हुआ था, जहां अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या बनी रहती थी।
इस कार्रवाई से आम लोगों में संतोष देखा गया। मौके पर नगर निगम के उपनगर आयुक्त शाहिद रजा, आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार यादव, सहायक मंडल अभियंता बी.के. विभूति, आईओडब्ल्यू मनोज कुमार समेत रेलवे और प्रशासन के कई अधिकारी व बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
0 Comments