पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड पर शनिवार सुबह एक बार फिर दर्दनाक हादसा सामने आया, जब महखड़ ढाला के समीप चलती ट्रेन से गिरकर एक 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सहरसा से समस्तीपुर की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन जैसे ही महखड़ ढाला के पास पहुंची, अचानक एक व्यक्ति ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। गिरने के कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और घटनास्थल पर ही तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए बिना समय गंवाए घायल को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल सिमरीबख्तियारपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।
हालांकि, घायल की हालत गंभीर बनी रहने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज सहरसा में चल रहा है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घायल व्यक्ति की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी मु. जिंदाल के 45 वर्षीय पुत्र मु. इम्तियाज के रूप में हुई है। घटना के बाद यह सवाल बना हुआ है कि वह किस कारण ट्रेन से गिरा। वह कहां से आ रहा था और किस स्थान की यात्रा कर रहा था, इस बारे में भी अब तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना के दारोगा विकास कुमार और सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
रेलखंड पर बार-बार हो रही इस तरह की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन को ठोस कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
.jpg)
0 Comments