सहरसा: सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग एनएच-107 पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना बैजनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित मिक्सचर प्लांट के समीप घटी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के धुडगाँव निवासी उमेश यादव सहरसा में अपना काम निपटाकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिक्सचर प्लांट के पास अचानक उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए लॉर्ड बुद्धा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों के अनुसार, युवक की मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई है।
इधर, बैजनाथपुर थाना अध्यक्ष अमित रंजन ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।
0 Comments