Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : घरेलू कलह में मां ने पांच मासूमों संग खाया जहर, दो की हालत नाजुक


Saharsa के बनमा ईटहरी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक मां को ऐसा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पांच बच्चों की मां ने अपने ही मासूमों को जहर देकर खुद भी उसे पी लिया। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

घायलों की पहचान रंजन पंडित की 40 वर्षीय पत्नी सोनी देवी, उनकी 14 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी, 13 वर्षीय रचना कुमारी, 6 वर्षीय सपना कुमारी और 5 वर्षीय बेटे रामकुमार व लखन कुमार के रूप में हुई है। सभी को गंभीर हालत में पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल सभी का इलाज जारी है, लेकिन दो जुड़वा भाइयों की हालत नाजुक बनी हुई है और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं।

डॉक्टरों के अनुसार, रविवार रात करीब 2:30 बजे सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जानकारी में सामने आया है कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर महिला ने कीटनाशक दवा को दूध में मिलाकर बच्चों को पिला दिया और फिर खुद भी पी लिया। एक बच्ची ने बताया कि शाम के समय मां ने सभी को वही दूध पिलाया था। इसके कुछ देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। तड़पते हुए एक बच्चे ने किसी तरह दरवाजा खोला और बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद आसपास के लोग दौड़े और सभी को अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों के अनुसार, रविवार शाम सास और बहू के बीच संपत्ति को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक मां ने अपने ही बच्चों के साथ मौत को गले लगाने की कोशिश कर डाली। घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण अस्पताल पहुंचने लगे, लेकिन इस घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।

सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू विवाद और मानसिक तनाव किस तरह परिवारों को अंदर से तोड़ देता है, जहां सबसे ज्यादा कीमत मासूम बच्चों को चुकानी पड़ती है।

Post a Comment

0 Comments