'
सहरसा: सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार बाईपास रोड स्थित हवाई अड्डा परिसर से पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक युवक को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ हवाई अड्डा परिसर में घूम रहा है। सूचना के आधार पर डीएसपी सह साइबर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं सदर अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी गुंजन कुमार भी शामिल थे।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान बेंगहा बाईपास रोड निवासी अनिल ठाकुर के पुत्र लक्ष्मण ठाकुर को संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने युवक को मौके से ही हथियार के साथ गिरफ्तार कर सदर थाना लाया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हथियार कहां से लाया और उसका क्या उद्देश्य था। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
0 Comments