सहरसा। शहर के पूरब बाजार स्थित नलकूप परिसर के गर्ल्स स्कूल मैदान में आगामी 10 अप्रैल 2026 से आयोजित होने वाले श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ होगा, जिसके लिए माता-बहनों के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आयोजन समिति की सदस्य एवं कलश यात्रा प्रभारी विद्या सिंह राठौर ने बताया कि कलश यात्रा में भाग लेने वाली महिलाओं और युवतियों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। इच्छुक श्रद्धालु यज्ञ स्थल पर पहुंचकर या समिति के सदस्यों से संपर्क कर अपना पंजीकरण करवा सकती हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में अध्यात्म और भक्ति का प्रसार करने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को सुदृढ़ करना है।
विद्या ने धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सनातन परंपरा में कलश में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना जाता है। महिलाओं द्वारा कलश धारण करने से परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि आस्था और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।
इस धार्मिक आयोजन में श्रीधाम वृंदावन से अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका पूज्य डॉ. शिवानी कृष्ण शुक्ला के आगमन की भी तैयारी है, जिनके मुखारविंद से श्रद्धालु संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करेंगे। यज्ञ का आयोजन 10 अप्रैल से प्रारंभ होकर 17 अप्रैल को प्रतिमा विसर्जन के साथ संपन्न होगा।
कार्यक्रम को लेकर स्थानीय महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब तक बड़ी संख्या में माता-बहनों ने अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है, जिनमें पार्वती कुमारी, वैशाली कुमारी, कोमल कुमारी, अंजनी कुमारी, नीतू कुमारी, आरती कुमारी, सरस्वती कुमारी, सीता कुमारी, सजन कुमारी, काजल कुमारी, शीतल कुमारी, चंदा कुमारी, प्रिया कुमारी, सिम्मी कुमारी, साक्षी कुमारी, निशा कुमारी, दीपा कुमारी, राधिका कुमारी, अंजलि कुमारी, कशिश कुमारी, नेहा कुमारी, चांदनी कुमारी, रिया कुमारी, मधु कुमारी, निधि कुमारी, सुलेखा देवी, सुनिधि कुमारी, दीक्षा कुमारी, प्रीति कुमारी, प्राथना कुमारी, मेघा कुमारी, सिया कुमारी, शिवानी कुमारी समेत अन्य शामिल हैं।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि यह धार्मिक आयोजन भव्य और सफल बनाया जा सके।
0 Comments