सहरसा। शहर में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने को लेकर नगर निगम अब एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शनिवार को मेयर बैन प्रिया और नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने न्यू कॉलोनी और नया बाजार समेत कई इलाकों का जायजा लिया और स्थिति का निरीक्षण किया। वार्ड संख्या 13 में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आने के बाद अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने स्पष्ट किया कि जलजमाव की समस्या को बढ़ाने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। विशेष रूप से वे लोग, जो अपने घरों का पानी बाहर सड़क पर बहा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी है। ऐसे लोगों को पहले नोटिस दिया जाएगा, इसके बावजूद सुधार नहीं होने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि कुछ लोगों की लापरवाही की वजह से पूरे शहर को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने अभी से नालों की सफाई अभियान शुरू कर दिया है। जलजमाव वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है ताकि पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। आयुक्त ने बताया कि 30 अप्रैल तक शहर को जलजमाव से राहत दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जहां-जहां ‘मिसिंग लिंक’ की समस्या है, वहां तकनीकी टीम जांच कर समाधान निकाल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि फंड की कोई कमी नहीं है और इंजीनियरिंग टीम को तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इसके बावजूद समस्या बनी रहती है तो इसे नगर निगम की चूक माना जाएगा।
वहीं, मेयर बैन प्रिया ने बताया कि पिछले वर्ष ही तीन नए नालों का प्रस्ताव दिया गया था, जिन पर काम जारी है। हालांकि, कई स्थानों पर नालों की उपयुक्तता को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। शहर में करीब 50 स्थान ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जहां जलजमाव की समस्या बनी रहती है। इन सभी बिंदुओं पर स्थायी समाधान के लिए नगर निगम रणनीति तैयार कर रहा है।
0 Comments