Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : महिषघट्टा बरसाती नदी पर पुलिया निर्माण शुरू, ग्रामीणों और किसानों में खुशी



सहरसा। कहरा प्रखंड क्षेत्र की सिरादेयपट्टी पंचायत अंतर्गत भर्राही और बसौना गांव के बीच स्थित महिषघट्टा बरसाती नदी पर आखिरकार पुलिया निर्माण कार्य शुरू हो गया है। लंबे समय से इस पुलिया की मांग कर रहे ग्रामीणों और किसानों में निर्माण कार्य शुरू होने के बाद खुशी का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई वर्ष पहले मनरेगा योजना के तहत लाखों रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन नदी पर पुलिया नहीं बनने की वजह से सड़क का पूरा लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा था। खासकर बरसात के दिनों में दोनों गांवों के बीच संपर्क लगभग टूट जाता था और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय किसानों के अनुसार बरसाती नदी के दोनों ओर बड़ी संख्या में खेती की जमीन है। बारिश के समय खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता था। नदी पार करने में हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी। मजबूरी में ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से चचरी पुल बनाकर आवागमन की व्यवस्था कर रखी थी, लेकिन वह भी बरसात में सुरक्षित नहीं माना जाता था।

ग्रामीणों की इस पुरानी समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रखंड प्रमुख रचना ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद 15वीं वित्त राज्य आयोग की अनुशंसा से पुलिया निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।

पुलिया निर्माण शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों में उम्मीद जगी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया बनने के बाद किसानों को खेतों तक पहुंचने में सहूलियत होगी और दर्जनों गांवों के लोगों को सालभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। लोगों ने उम्मीद जताई कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

Post a Comment

0 Comments