पटना: बिहार सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 10 आईएएस अधिकारियों समेत कुल 21 अधिकारियों का तबादला कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। इस फेरबदल के तहत कई विभागों के सचिव, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त (DDC), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सात जिलों में नए डीडीसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो नगर आयुक्त, दो डीटीओ और दो एसडीओ का भी स्थानांतरण किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने अपनी वेबसाइट पर दो अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर तबादलों की जानकारी दी है।
प्रमुख IAS अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां
2014 बैच के आईएएस अधिकारी संजय कुमार को राज्य निर्वाचन आयोग से स्थानांतरित कर नगर विकास एवं आवास विभाग का अपर सचिव बनाया गया है। वहीं मनोरंजन कुमार को शिक्षा विभाग से विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। विधु भूषण चौधरी को उद्योग विभाग का अपर सचिव बनाया गया है।
2016 बैच के आईएएस गगन को बिहार राज्य भंडार निगम से हटाकर गया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। 2017 बैच के कृत्यानंद रंजन को नालंदा का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं हेमंत कुमार सिंह को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) का सचिव बनाया गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार का तबादला उद्योग विभाग में इसी पद पर किया गया है।
पर्यटन और खाद्य प्रसंस्करण विभाग में भी बदलाव
पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप सिंह को बिहार पर्यटन विकास निगम का अपर प्रबंधक एवं निदेशक बनाया गया है। सुपौल की उप विकास आयुक्त सारा अशरफ को खाद्य प्रसंस्करण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है।
मोतिहारी सदर के एसडीओ निशांत सिहारा को मुजफ्फरपुर का उप विकास आयुक्त (DDC) बनाया गया है।
इन जिलों को मिले नए DDC
राज्य सरकार ने कई जिलों में नए उप विकास आयुक्तों की भी तैनाती की है।
- संजय कुमार (वैशाली ADM) – शिवहर DDC
- कुमारी अनुपम सिंह – औरंगाबाद DDC
- राकेश कुमार (दरभंगा ADM) – शेखपुरा DDC
- आदित्य कुमार पीयूष (गया ADM) – जहानाबाद DDC
- इंद्रवीर कुमार – सुपौल DDC
- अरुण प्रकाश – भोजपुर DDC
अन्य अधिकारियों का भी हुआ तबादला
पटना नगरपालिकाओं के परियोजना अधिकारी अभिषेक आनंद का तबादला मधेपुरा किया गया है। अररिया की लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को पूर्णिया का जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) बनाया गया है।
झंझारपुर के एसडीओ कुमार गौरव को दरभंगा सदर का एसडीओ नियुक्त किया गया है। शारिद परवेज को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से नगर विकास विभाग भेजा गया है, जबकि आनंद उत्सव को मुजफ्फरपुर पूर्वी का एसडीओ बनाया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को सरकार की कार्यशैली को और प्रभावी बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों के पदभार संभालने के बाद संबंधित विभागों और जिलों में प्रशासनिक कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।



0 Comments