फरार आरोपी की पहचान सोनबरसा राज थाना क्षेत्र के सोहा रजवाड़ा वार्ड संख्या-5 निवासी नितीश कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, काशनगर थाना क्षेत्र में 17 जुलाई को वीडियो कैमरा छीनने के एक मामले में पुलिस ने उसे 18 जुलाई की रात गिरफ्तार किया था। रविवार को उसे न्यायालय में पेशी के लिए सहरसा कोर्ट लाया गया था।
पेशी के दौरान आरोपी ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान उसने मौके का फायदा उठाते हुए पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और कोर्ट परिसर से फरार हो गया। आरोपी के भागते ही पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू किया और कोर्ट परिसर के सामने स्थित सतपोखरा के पास उसे घेरकर पकड़ लिया।
इस संबंध में सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस हिरासत से भागने के मामले में आरोपी के विरुद्ध सहरसा सदर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना के बाद न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस अभिरक्षा में आरोपियों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी !
0 Comments