गहमर पुलिस ने एक विक्षिप्त व्यक्ति को उसके परिजनों से मिलाया है। यह व्यक्ति थाना क्षेत्र के बारा गांव में भटकता हुआ मिला था। पुलिस ने उसे बिहार के सहरसा स्थित उसके घर सुरक्षित पहुंचाया।
यह घटना सोमवार रात की है। ग्रामीणों ने डायल-112 को बारा गांव में एक विक्षिप्त व्यक्ति के घूमने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा कारणों से उस व्यक्ति को गहमर थाने ले आई।
गहमर पुलिस ने पूछताछ और प्रयासों के बाद व्यक्ति की पहचान इरशाद उर्फ लड्डू पुत्र मो. गुलजार के रूप में की। वह बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर, वार्ड नं. 05 का निवासी है। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर उन्हें सूचित किया।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मंगलवार को आवश्यक सत्यापन और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इरशाद उर्फ लड्डू को उसके परिजन मो. आलम पुत्र मो. तैय्यब को सौंप दिया गया। मो. आलम भी मोहनपुर, सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा (बिहार) के निवासी हैं। परिजनों ने गहमर पुलिस की तत्परता और मानवीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
0 Comments