सहरसा। जिले के सत्तर कटैया प्रखंड क्षेत्र के बरहशेर निवासी प्रतीक राज ने राष्ट्रीय स्तर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक हैकाथॉन-2026 में देशभर में प्रथम स्थान हासिल कर सहरसा का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से जिले के लोगों में खुशी का माहौल है।
बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से आईआईटी गांधीनगर में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 450 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच आईआईटी भिलाई के छात्र प्रतीक राज ने अपनी तकनीकी प्रतिभा, नवाचार और समस्या समाधान क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रव्यापी प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में देश के कई प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) और शीर्ष शिक्षण संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतीक ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा, फ्रॉड डिटेक्शन और डिजिटल बैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
पढ़ाई में भी रहा शानदार प्रदर्शन
प्रतीक राज, सहरसा पॉलिटेक्निक में कार्यरत अरुण कुमार खान और शशिबाला कुमारी के पुत्र हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में अपने प्रथम प्रयास में ही JEE Advanced परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रवेश हासिल किया था।
राष्ट्रीय स्तर की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित किया है कि छोटे शहर और ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले प्रतिभाशाली युवा भी अपनी मेहनत, लगन और तकनीकी कौशल के दम पर देश के बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
प्रतीक राज की सफलता को सहरसा के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि माना जा रहा है। उनकी इस कामयाबी पर क्षेत्र के लोगों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
0 Comments