Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Supaul News : सुपौल में कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद, 50 पेटियों से मिले 6 हजार प्रतिबंधित बोतल; मेडिकल एजेंसी संचालक हिरासत में


नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने सुपौल-किशनपुर मुख्य मार्ग स्थित नगर परिषद के वार्ड नंबर 4 के सुकमारपुर में सेफ एक्सप्रेस कूरियर के गोदाम पर छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है।

तलाशी के दौरान गोदाम से 50 पेटियों में रखे करीब 6 हजार प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए गए। बरामद कफ सिरप की बाजार कीमत लगभग 11 लाख 16 हजार रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप मिलने के बाद पुलिस ने न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के प्रोपराइटर प्रमोद साह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बस स्टैंड के सामने स्थित न्यू जय गुरु मेडिकल एजेंसी के संचालक प्रमोद साह ने उत्तराखंड की श्रीनिवास कंपनी से कफ सिरप मंगाया था। कफ सिरप की यह खेप सेफ एक्सप्रेस कूरियर के माध्यम से सुपौल पहुंची थी। पुलिस को पहले से इस खेप के बारे में गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना मिलने के बाद सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत के नेतृत्व में पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुकमारपुर स्थित सेफ एक्सप्रेस कूरियर के गोदाम में पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद होने के बाद मौके पर कार्रवाई शुरू की गई।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप किस उद्देश्य से मंगाया गया था और इसकी सप्लाई कहां-कहां की जानी थी। साथ ही खेप की खरीद, कूरियर के जरिए भेजे जाने और संभावित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल प्रमोद साह से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप की बरामदगी के बाद अवैध नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर है।

Post a Comment

0 Comments