Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Latest Saharsa News (सहरसा न्यूज़): Chandra Times Saharsa News: वाहन लगाने के विवाद में गोलीबारी, महिला को लगी गोली; दो हिरासत में



सलखुआ थाना क्षेत्र के पचभिरा गांव में शुक्रवार रात वाहन लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद मारपीट और गोलीबारी तक पहुंच गया। इस दौरान चली गोली पड़ोस के भूषण चौधरी की पत्नी 45 वर्षीय सरस्वती देवी को लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए सहरसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के अमरजीत कुमार और हिमांशु कुमार के बीच वाहन लगाने को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान अमरजीत कुमार ने कमर में रखी देशी पिस्तौल से गोली चला दी। गोली वहां मौजूद सरस्वती देवी को लग गई।

घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से कुल तीन राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। गोली चलने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने सलखुआ थाना पुलिस को जानकारी दी। ग्रामीणों ने रंजीत चौधरी और हिमांशु कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूचना मिलते ही सलखुआ थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर पुलिस बल के साथ पचभिरा गांव पहुंचे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान गोली चली, जिसकी चपेट में एक महिला आ गई। घायल महिला का सहरसा के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments