Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

लंबी दूरी की 11 ट्रेनों में सफाई व्यवस्था की होगी विशेष निगरानी, रेलवे बोर्ड ने जारी किए निर्देश

 

नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (Chandra Times)। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर और स्वच्छ यात्रा सुविधा देने के लिए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने 11 ट्रेनों की विशेष निगरानी का फैसला लिया है। रेलवे बोर्ड (Railway Board) ने 40 घंटे से अधिक की यात्रा वाली इन ट्रेनों में सफाई, शौचालय, कचरा प्रबंधन और कोचों की छोटी-मोटी खराबियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

रेलवे बोर्ड ने सभी संबंधित जोन के महाप्रबंधकों को भेजे पत्र में कहा है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान ट्रेनों की साफ-सफाई और रखरखाव लगातार बेहतर बनाए रखना प्राथमिकता है। बोर्ड के अनुसार, लंबे समय तक चलने वाली ट्रेनों में हाउसकीपिंग, शौचालय और कचरा प्रबंधन से जुड़ी समस्याएं समय पर दूर नहीं होने पर यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।

इन 11 ट्रेनों पर रहेगी विशेष नजर

रेलवे बोर्ड ने जिन ट्रेनों को विशेष निगरानी के लिए चुना है, उनमें विवेक एक्सप्रेस, अवध असम एक्सप्रेस, रानी कमलापति-अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, अमरपाली एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, राजगीर-मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस जनता एक्सप्रेस, हावड़ा-इस्लामपुर एक्सप्रेस और अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस शामिल हैं।

इनमें सहरसा से जुड़ी अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस और अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस को भी विशेष निगरानी वाली ट्रेनों में शामिल किया गया है। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सफाई व्यवस्था पर रेलवे की निगरानी बढ़ने की उम्मीद है।

बायो-टॉयलेट और कचरा प्रबंधन पर जोर

रेलवे बोर्ड ने निर्देश दिया है कि ट्रेनों के बायो-टॉयलेट (Bio-Toilet) की शुरुआती स्टेशन और निर्धारित रास्ते के स्टेशनों पर पूरी तरह जांच की जाए। इसके अलावा कचरा संग्रह और उसके निपटारे की व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने को कहा गया है।

रेलवे ने Clean Train Station (CTS) के चिन्हित स्थानों पर ट्रेन की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। संबंधित मंडल को पर्याप्त कर्मचारियों, सफाई सामग्री और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।

यात्रियों की शिकायतों की होगी साप्ताहिक समीक्षा

रेलवे के जोनल अधिकारियों को सफाई की स्थिति और यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा गया है। बार-बार सामने आने वाली किसी समस्या के मूल कारण की पहचान कर उसका स्थायी समाधान करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि केवल ट्रेन के शुरुआती स्टेशन पर सफाई बेहतर करना पर्याप्त नहीं है। ट्रेन के गंतव्य तक पूरे सफर के दौरान सफाई और अन्य यात्री सुविधाएं दुरुस्त रहनी चाहिए।

DRM को दी गई जिम्मेदारी

रेलवे बोर्ड ने संबंधित मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों (DRM) को लंबी दूरी की ट्रेनों की सेवाओं और सफाई व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी दी है। बोर्ड ने सभी स्तरों पर निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और यात्रियों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता देने को कहा है।

Post a Comment

0 Comments