Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

मधेपुरा में ‘नीतीश संवाद—जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम, जीविका दीदियों ने साझा किए आत्मनिर्भरता के अनुभव



मधेपुरा। कला भवन, मधेपुरा में रविवार को “नीतीश संवाद—जीविका के 20 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, माताओं-बहनों और जनता के साथ जदयू के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जीविका के 20 वर्षों की उपलब्धियों और ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आए बदलावों पर संवाद करना रहा।

कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री श्रीमती शीला मंडल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं कार्यक्रम प्रभारी एवं जदयू प्रदेश सचिव श्रीमती स्मिता सिन्हा, पूर्व प्रत्याशी सह नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कविता कुमारी साहू, मधेपुरा जिला अध्यक्ष श्रीमती मंजू कुमारी उर्फ गुड्डी देवी, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष श्रीमती ललिता देवी, उपाध्यक्ष कंचन देवी सहित जदयू के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।



कार्यक्रम के दौरान मधेपुरा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं जीविका दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि जीविका से जुड़ने के बाद उनके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आए हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं में बचत की आदत विकसित हुई है और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़कर अपने परिवार की आय बढ़ाने का अवसर मिला है।

जीविका दीदियों ने संवाद के दौरान अपने संघर्ष, उपलब्धियों और भविष्य की उम्मीदों को भी सामने रखा। महिलाओं का कहना था कि जीविका से जुड़ने के बाद उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वे परिवार के महत्वपूर्ण फैसलों में अपनी भूमिका निभाने के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी सक्रिय भागीदारी कर रही हैं।



कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि जीविका ने ग्रामीण महिलाओं को केवल आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम नहीं किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास और सामाजिक पहचान को भी नई मजबूती दी है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर बड़ी संख्या में महिलाएं स्वरोजगार और छोटे-छोटे व्यवसायों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं।

मधेपुरा कला भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति देखने को मिली। माताओं-बहनों और जीविका दीदियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए।



“नीतीश संवाद—जीविका के 20 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के माध्यम से जीविका के दो दशक के सफर को महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण से जोड़कर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आए बदलाव को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जीविका दीदियों, माताओं-बहनों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Post a Comment

0 Comments