Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

सहरसा में ब्राह्मण महासभा का संकल्प सम्मेलन, सम्मान-अधिकार और राजनीतिक हिस्सेदारी की उठी मांग


सहरसा। मंडन मिश्र की ऐतिहासिक धरती सहरसा (Saharsa) में रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को सामाजिक सम्मान, अधिकार, आर्थिक सशक्तिकरण और राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर आवाज बुलंद की गई। लोकमंच के तत्वावधान में ब्राह्मण महासभा के बैनर तले गंगजला चौक स्थित देव रिजॉर्ट में संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज की वर्तमान स्थिति, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान समाज को संगठित करने और अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्राह्मण महासभा, सहरसा के अध्यक्ष अमित कुमार उर्फ डब्बू मिश्र ने की, जबकि लोकमंच के संस्थापक अध्यक्ष आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद महिषी के गुरु शत्रुघ्न चौधरी के नेतृत्व में गुरुकुल से आए बच्चों ने स्वस्तिवाचन और स्वागत गान प्रस्तुत किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए लोकमंच के संस्थापक अध्यक्ष आशीष कुमार झा उर्फ बब्बू झा ने कहा कि समाज के हक और अधिकारों के लिए अब एकजुट होकर खड़े होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में समाज के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। समाज के हितों और अधिकारों की प्रभावी आवाज उठाने के लिए संगठनात्मक एकता जरूरी है। लोकमंच का उद्देश्य सम्मान, अधिकार, विकास और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ सामने रखना है।


सीमांचल कंस्ट्रक्शन के निदेशक अजय झा ने कहा कि अब समय आ गया है कि ब्राह्मण समाज अपनी राजनीतिक भूमिका और भागीदारी को लेकर गंभीरता से विचार करे। उन्होंने कहा कि समाज के हितों को प्राथमिकता देने वाले लोगों को ही समाज का समर्थन मिलना चाहिए।

महिषी के मुखिया प्रतिनिधि पीयूष रंजन और बड़गांव के मुखिया प्रतिनिधि बउवा खां ने सामाजिक एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के बीच लगातार संवाद और बैठकें होनी चाहिए, ताकि वर्तमान परिस्थितियों का आकलन कर भविष्य की दिशा तय की जा सके।

ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष अमित कुमार उर्फ डब्बू मिश्र ने कहा कि समाज के विभिन्न संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा, संगठन, सामाजिक एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के हितों के लिए आवाज उठाने वाले लोगों को सामूहिक रूप से समर्थन देना चाहिए।

ब्राह्मण महासभा के कोषाध्यक्ष रौशन माधव मिश्र ने समाज की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि देश की आजादी के संघर्ष से लेकर राष्ट्र निर्माण तक समाज का योगदान रहा है, इसके बावजूद आज भी समाज के सामने कई चुनौतियां हैं। उन्होंने समाज के अधिकारों और अवसरों से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से उठाने की आवश्यकता बताई।

सम्मेलन में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की मांग को मजबूती से उठाने, समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से जुड़े अधिकारों और अवसरों में समानता सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही युवाओं के लिए शिक्षा एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने, जागरूकता अभियान चलाने और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक में संस्कृत शिक्षा और इससे जुड़े संस्थानों को मजबूत बनाने, समाज के महापुरुषों एवं ऐतिहासिक व्यक्तित्वों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा विभिन्न जिलों में सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय और संवाद बढ़ाने का भी संकल्प लिया गया।

सम्मेलन के दौरान बिहार की राजधानी पटना में मौन संकल्प यात्रा आयोजित करने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने ब्राह्मण समाज के लोगों से इस यात्रा में शामिल होने और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने की अपील की। सम्मेलन में मौजूद लोगों ने समाज से जुड़े मुद्दों को संबंधित मंचों तक पहुंचाने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों के लिए प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मंच संचालन पारस झा और नवनीत झा ने किया। इस अवसर पर सीमांचल कंस्ट्रक्शन, अररिया के निदेशक अजय झा, ब्राह्मण महासभा के सचिव सुमन समाज, डॉ. कैलाश मिश्र, प्रभात रंजन झा, अविनाश खां, लोकमंच के मधेपुरा संयोजक राजेश झा, मुरादपुर के मुखिया राहुल झा, लोकमंच के पूर्णिया संयोजक राहुल झा, पूर्व मुखिया दीप नारायण ठाकुर, प्रोफेसर अक्षय चौधरी, सुदीप सुमन, चंदन मिश्रा, महेश झा, बेनी माधव, राजीव खां, तरुण झा, भैरव झा, विद्यापति राय, मोनू झा, प्रशांत ठाकुर, निलेश कुमार, रोहित झा, अनंत रोशन, पप्पू ठाकुर, उत्पल, टिंकू मैथिल, अंशु मिश्रा, औरस कुमार, मिथिला स्टूडेंट यूनियन के जिला अध्यक्ष रतन मिश्रा, रतन दुबे, मणिराज, शिवम, मनोरंजन, मिथिलेश झा, रघुवंश झा, तुला ठाकुर, अनुजा मिश्रा और अर्चना झा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सहरसा में आयोजित यह संकल्प सम्मेलन समाज के विभिन्न मुद्दों पर संवाद, संगठनात्मक समन्वय और राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग को लेकर एक पहल के रूप में सामने आया। लोकमंच ने समाज के लोगों को एक साझा मंच पर लाने और उनके मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

लोकमंच का संकल्प है— “समाज के लिए, समाज के साथ।” सम्मान, अधिकार, विकास और राजनीतिक हिस्सेदारी के संदेश के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

सहरसा और आसपास की ताजा खबरों के लिए Chandra Times की वेबसाइट देखें और व्हाट्सऐप पर जुड़ें। त्वरित समाचार अपडेट के लिए व्हाट्सऐप नंबर +91 99604 01648 पर संपर्क करें।


Post a Comment

0 Comments