Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Supaul News : सुपौल में मैथिली को मातृभाषा के रूप में दर्ज कराने को लेकर जन-जागरूकता सभा आयोजित


सुपौल। आगामी जनगणना में मैथिली को मातृभाषा के रूप में दर्ज कराने के उद्देश्य से मैथिली भाषा-भाषियों की प्रतिनिधि संस्था चेतना समिति की ओर से शनिवार को सुपौल स्थित नितमाया विवाह भवन में जन-जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। सभा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और मैथिली आंदोलन से जुड़े लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों से जनगणना में अपनी मातृभाषा के रूप में मैथिली दर्ज कराने तथा इसके लिए समाज के बीच व्यापक जागरूकता फैलाने की अपील की गई।

सभा की अध्यक्षता बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति मो. हारुन रशीद ने की। उन्होंने कहा कि मैथिली मिथिला क्षेत्र में रहने वाले सभी वर्गों, जातियों और धर्मों के लोगों की मातृभाषा है। घर-परिवार और दैनिक जीवन में बड़ी संख्या में लोग सहज रूप से मैथिली में संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपनी मातृभाषा में बातों को समझने और सीखने में भी आसानी होती है। मैथिली बोलने वाले लोगों की वास्तविक संख्या का आकलन सुनिश्चित करने के लिए आगामी जनगणना में मातृभाषा के रूप में मैथिली दर्ज कराना आवश्यक है। उन्होंने इस अभियान में महिलाओं की विशेष भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया।

सभा में वक्ताओं ने चेतना समिति की पहल की सराहना करते हुए जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। जदयू नेता युगल किशोर अग्रवाल ने कहा कि भाषाई पहचान के संरक्षण के लिए इस तरह का अभियान महत्वपूर्ण है। वहीं पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र कुमार ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

कांग्रेस नेता मो. मिन्नत रहमानी ने कहा कि अभियान को जिले के गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सुपौल जिले के मुस्लिम समुदाय के लोग भी अपने दैनिक जीवन में मैथिली भाषा का प्रयोग करते हैं। ऐसे में जनगणना के दौरान मातृभाषा के रूप में मैथिली दर्ज कराने को लेकर लोगों के बीच जागरूकता फैलाना जरूरी है।

चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा ने कहा कि सुपौल सहित मिथिला के इस क्षेत्र में रहने वाले लोग जिस भाषा का दैनिक जीवन में प्रयोग करते हैं, वही मैथिली का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि अपनी मां की भाषा को संरक्षित और आगे बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जागरण यात्रा के संयोजक दिनेश चंद्र झा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। समिति के उपाध्यक्ष उमेश मिश्र ने विषय प्रवेश कराया और जागरण यात्रा की रूपरेखा, उद्देश्य तथा इसमें जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

सभा को डॉ. कुलानंद झा, जयप्रकाश चौधरी, साहित्यकार रघुनाथ मुखिया, चेतना समिति के उपाध्यक्ष विप्रेन्द्र झा ‘माधव’, शिशिर चंद्र मिश्र, धर्मेंद्र मिश्र, मनोज पाठक सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने मैथिली भाषा के संरक्षण, संवर्धन और जनगणना में मातृभाषा के रूप में मैथिली दर्ज कराने को लेकर अपने सुझाव रखे।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मैथिली भाषा के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ आगामी जनगणना में मातृभाषा के रूप में मैथिली दर्ज कराने को लेकर व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


Post a Comment

0 Comments