Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

बंगाली बाजार रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू, रैयतों को भेजा जा रहा नोटिस

सहरसा, 10 नवंबर। शहर के बंगाली बाजार में लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की दिशा में प्रशासनिक प्रक्रिया तेज हो गई है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए निजी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला भू-अर्जन कार्यालय की ओर से संबंधित जमीन के रैयतों को नोटिस भेजा जा रहा है।

जिला भू-अर्जन कार्यालय से जारी नोटिस के अनुसार, सहरसा-पंचगछिया रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे क्रॉसिंग संख्या-31 पर प्रस्तावित ओवरब्रिज के निर्माण के लिए करीब 2.98 एकड़ निजी जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। अधिग्रहित की जाने वाली जमीन सहरसा मौजा के नगर सर्वे वार्ड संख्या 02, 03, 07, 08 और 09 में स्थित है।

यह भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भूमि अर्जन, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 21 (2) के तहत एलए केस संख्या 03/2025-26 के अंतर्गत की जा रही है।

18 नवंबर को कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश

जारी नोटिस के माध्यम से संबंधित रैयतों एवं जमीन में हित रखने वाले लोगों को 18 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे जिला भू-अर्जन पदाधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। रैयत स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से उपस्थित होकर जमीन पर अपने अधिकार, मुआवजे के दावे तथा पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन से संबंधित जानकारी दे सकते हैं।

इसके अलावा अधिग्रहित होने वाली जमीन की मापी को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति होने पर भी संबंधित लोग अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। नोटिस में जमीन के खाता, खेसरा और रकबा का विवरण भी उपलब्ध कराया गया है।

निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद

बंगाली बाजार रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण सहरसा शहर की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। रेलवे क्रॉसिंग पर आवागमन के दौरान लोगों को लंबे समय से जाम और परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिलहाल निर्माण कार्य जारी है, जबकि निजी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है।

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होने से बंगाली बाजार रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे शहरवासियों की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई हैं।

Post a Comment

0 Comments