सहरसा, 11 नवंबर 2026: कोशी क्षेत्र के किडनी मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। सहरसा स्थित श्री नारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट में बुधवार को 10 नई डायलिसिस मशीनों का संचालन शुरू किया गया। जिला पदाधिकारी श्री दीपेश कुमार के नेतृत्व में इन मशीनों का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही संस्थान के डायलिसिस विभाग में मशीनों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।
इन 10 नई डायलिसिस मशीनों की स्थापना HDFC बैंक के CSR फंड के तहत FXB इंडिया सुरक्षा के माध्यम से की गई है। इस पहल से कोशी क्षेत्र के डायलिसिस मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर श्री नारायण फाउंडेशन ट्रस्ट के संस्थापक एवं संस्थान के चेयरमैन श्री रविंद्र कुमार सिंह, मुख्य ट्रस्टी श्रीमती कामेश्वरी कुमारी, निदेशक श्री रोहित राठौड़, FXB इंडिया सुरक्षा के CEO श्री सत्य प्रकाश, HDFC बैंक के क्लस्टर हेड श्री मंजीत झा और सहरसा ब्रांच मैनेजर श्री आलोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संस्थान के चेयरमैन रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में कोशी क्षेत्र में किडनी से संबंधित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पहले संस्थान में मात्र चार डायलिसिस मशीनें कार्यरत थीं, जिसके कारण मरीजों का दबाव अधिक रहता था। अब 10 नई मशीनें शुरू होने से कुल 14 मशीनों के माध्यम से मरीजों को डायलिसिस की सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि HDFC बैंक और FXB इंडिया की यह पहल देश के पांच स्थानों पर लागू की जा रही है, जिनमें सहरसा स्थित श्री नारायण मेडिकल इंस्टीट्यूट का शामिल होना पूरे कोशी क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों को डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध होगी। नई मशीनों के संचालन से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

0 Comments