Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa News : राजस्थान में सहरसा के 29 वर्षीय मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत, आठ दिन पहले ही पिता बना था रणवीर; गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम

सहरसा: बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षाराज प्रखंड अंतर्गत देहद पंचायत के मोहनपुर गांव निवासी 29 वर्षीय प्रवासी मजदूर रणवीर सादा की राजस्थान में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार दोपहर एंबुलेंस से उनका शव गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान स्वर्गीय रामप्रसाद सादा के पुत्र रणवीर सादा के रूप में हुई है। वह देहद पंचायत के वार्ड संख्या 15 के निवासी थे। बताया जाता है कि उनके पिता की करीब 19 वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उनकी मां पंजाब के अंबाला में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। रणवीर दो भाइयों में छोटे थे।

चार महीने पहले मजदूरी करने गए थे राजस्थान

परिजनों के अनुसार, करीब चार महीने पहले रणवीर गांव के ही विजय सादा, छोटू सादा और कैलाश सादा के साथ रोजगार की तलाश में राजस्थान गए थे। वहां वह मधेपुरा जिले के बेलोचामगढ़ गांव निवासी ठेकेदार संजीत कुमार सिंह के अधीन मजदूरी का काम कर रहे थे।

छुट्टी के दिन घूमने निकले थे रणवीर, देर शाम गंभीर हालत में लौटे

साथी मजदूरों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते शनिवार को काम से छुट्टी मिलने के बाद रणवीर घूमने के लिए निकले थे। देर शाम जब वह अपने डेरे पर वापस लौटे तो गंभीर रूप से जख्मी थे। उनकी हालत देखकर साथी मजदूरों ने तत्काल उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

हालांकि, रणवीर किन परिस्थितियों में और कैसे जख्मी हुए, इसका अब तक पता नहीं चल सका है। उनकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

आठ दिन पहले घर में गूंजी थी किलकारी, अब उजड़ गया परिवार

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि रणवीर के घर में महज आठ दिन पहले ही खुशियां आई थीं। उनकी पत्नी नेहा देवी ने आठ दिन पहले ही एक बेटे को जन्म दिया था। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। लेकिन नवजात बेटे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद पिता की मौत की खबर ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

सोमवार दोपहर जब एंबुलेंस से रणवीर का शव गांव पहुंचा तो पत्नी नेहा देवी पति का शव देखते ही बेसुध हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें संभाला। घर में बच्चों की चीख-पुकार और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।

पुलिस ने शुरू की घटना की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया

इस संबंध में सोनवर्षाराज थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि राजस्थान में एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। घटना की जानकारी ली जा रही है।

फिलहाल रणवीर की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। परिवार को अब घटना की सच्चाई सामने आने और न्याय मिलने का इंतजार है।

Post a Comment

0 Comments