सहरसा, नगर संवाददाता। शहर के तिरंगा चौक स्थित एक पोखर में बुधवार दोपहर नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक इस्लामिया चौक निवासी मो. अख्तर का 10 वर्षीय पुत्र मो. छोटू और मो. सज्जाद का 12 वर्षीय पुत्र मो. अबु बकर बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे तिरंगा चौक स्थित छठ घाट पर नहाने पहुंचे थे। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल सके। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने पोखर को खुला छोड़ने पर नाराजगी जताते हुए मुआवजा की मांग को लेकर कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी गुड्डु कुमार, खुशबू कुमारी और बजरंगी कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पोखर की गहराई अधिक होने के कारण बच्चों को खतरे का अंदाजा नहीं हुआ। उन्होंने बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
यह हादसा न केवल इलाके में मातम का माहौल छोड़ गया, बल्कि पोखर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर गया है।
0 Comments