सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र से एक दुखद समाचार सामने आया है। सरोनी मधेपुरा पंचायत की वर्तमान मुखिया उमा देवी का शनिवार की शाम अचानक ब्रेन हैमरेज से निधन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शाम के समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत मधेपुरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए नेपाल के न्यूरो सर्जन के पास रेफर कर दिया। परंतु रास्ते में ही उमा देवी ने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समर्थक बड़ी संख्या में झिटकिया गांव स्थित उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
मुखिया उमा देवी के निधन से सरोनी मधेपुरा पंचायत सहित पूरे इलाके में गहरा शोक और शून्यता छा गई है। उनके कार्यकाल में पंचायत के विकास कार्यों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिससे लोगों के बीच उनका विशेष स्थान था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि “उमा देवी न केवल एक जनप्रतिनिधि थीं, बल्कि जनता की सच्ची सेविका थीं।” उनके निधन से पंचायत की राजनीति और सामाजिक जीवन में अपूरणीय क्षति हुई है।
0 Comments