Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Saharsa : बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 शांतिपूर्वक सम्पन्न, बिना पुनर्मतदान व पुनर्मतगणना पूरी हुई प्रक्रिया


सहरसा। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 का चुनावी प्रक्रिया जिले में पूर्णत: शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में सम्पन्न हो गया। 14 नवंबर 2025 को मतगणना का कार्य समाप्त हुआ और जिला प्रशासन ने पुष्टि की कि सहरसा जिले की सभी चारों विधानसभा सीटों पर न तो किसी प्रकार के पुनर्मतदान की आवश्यकता पड़ी और न ही पुनर्मतगणना की।

जिले में मतदान पहले चरण में 06 नवंबर 2025 को कराया गया था। इस दौरान पूरे प्रशासनिक तंत्र ने व्यापक तैयारी और कड़ी निगरानी रखते हुए चुनाव को सफल बनाया। इस निर्वाचन में 22 कोषांगों, 198 सेक्टर पदाधिकारियों, 36 जोनल दंडाधिकारियों और 12 सुपर जोनल दंडाधिकारियों की नियुक्ति की गई थी, जिनके सहयोग से चुनावी प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हुई।

सहरसा जिला अंतर्गत चार विधानसभा क्षेत्र— 74 सोनवर्षा (अ.जा.), 75 सहरसा, 76 सिमरी बख्तियारपुर और 77 महिषी—में इस बार कुल 12,96,074 मतदाता दर्ज थे। इनमें 6,79,177 पुरुष, 6,16,875 महिला और 22 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल थे।

इस बार जिले में मतदान प्रतिशत ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। जहां वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 58.09% था, वहीं 2025 में यह बढ़कर 69.38% पर पहुंच गया। लगभग 11% की यह उल्लेखनीय वृद्धि जिले में जागरूकता और प्रशासनिक प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

जिला प्रशासन ने प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया के सहयोग से चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिली। अंत में प्रशासन ने सभी मतदाताओं, अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments