सहरसा के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक श्याम पोद्दार की मौत हो गई। सोनवर्षाराज-बैजनाथपुर मुख्य मार्ग पर सहमौरा गांव के समीप राम मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान शाहपुर पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी विद्यानंद पोद्दार के पुत्र श्याम पोद्दार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्याम पोद्दार बाइक से सोनवर्षाराज की ओर से अपने घर शाहपुर जा रहे थे। सहमौरा गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और बिजली के खंभे से जा टकराई।
टक्कर के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
श्याम पोद्दार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुड़िया कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद शाहपुर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।
0 Comments