सिंहेश्वर (मधेपुरा)। नगर पंचायत वार्ड संख्या-11 स्थित गौरीपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दामाद को चूहा मारने की दवा पिलाने का आरोप लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के मनोज पासवान की पत्नी गुड़िया देवी ने सिंहेश्वर थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके पुत्र रोहित कुमार को उसकी पत्नी सोनी कुमारी और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर जहर देने की कोशिश की।
आवेदन में बताया गया है कि शुक्रवार को ससुराल पक्ष के लोगों ने रोहित को अपने घर बुलाया और कहा कि उसकी पत्नी अब उसके साथ नहीं रहेगी। इस दौरान 10 लाख रुपये की मांग भी की गई। जब रोहित ने इस पर आपत्ति जताई तो उसके साथ मारपीट की गई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया गया।
गुड़िया देवी ने आगे बताया कि ससुराल पक्ष की मनकी देवी, राजा भगत, अजय भगत, रबीना देवी, सोनू कुमार, मोनू कुमार, रूबी देवी, मनीष कुमार और साहिल कुमार ने मिलकर उनके पुत्र से ठगी की साजिश रची थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी सोनी की शादी एक अन्य व्यक्ति नीतीश से करवाई गई थी, जिसके पैसे और जमीन हड़प ली गई थी।
इलाजरत पीड़ित रोहित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को जब वह ससुराल पहुंचा तो पानी मांगने पर उसे चूहा मारने की दवा मिला हुआ पानी पिला दिया गया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद ससुरालवालों ने उसे घर से बाहर निकालकर दरवाजा बंद कर दिया। स्थानीय लोगों की मदद से रोहित को बेहोशी की हालत में जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को उसे होश आया।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी को मेडिकल कॉलेज भेजकर पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

0 Comments