सहरसा। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहरसा स्टेशन और वाशिंगपिट के बीच एक ट्रेन के एसी कोच से 33 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान शराब से भरे तीन संदिग्ध बैग और झोले जब्त किए गए, हालांकि मौके पर किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को RPF को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15566 के खाली रेक में विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। आशंका थी कि ललितग्राम से सहरसा लौटने के दौरान शराब तस्कर मौका पाकर शराब निकाल सकता है। सूचना के बाद निरीक्षक धनंजय कुमार और सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार काजी को ट्रेन में गुप्त निगरानी के लिए सहरसा से ललितग्राम और वापसी यात्रा के लिए तैनात किया गया। राघोपुर से प्रधान आरक्षी सतेन्द्र नाथ तिवारी को भी निगरानी में लगाया गया।
ललितग्राम से सहरसा लौटने के दौरान ट्रेन सरायगढ़ स्टेशन पर काफी देर तक रुकी। इसके बाद वहां तैनात प्रधान आरक्षी बाबलु शर्मा को भी गुप्त निगरानी करते हुए ट्रेन को सहरसा तक लाने के लिए लगाया गया। RPF जवानों ने पूरी यात्रा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।
23 सितंबर की सुबह करीब 5:15 बजे ट्रेन सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म/लाइन संख्या 02 पर पहुंची। इसके बाद निरीक्षक के साथ सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार पाण्डे ने ट्रेन को अटेंड कर गुप्त निगरानी शुरू की। इस दौरान AC कोच B-1 और B-2 में कुछ लावारिस बैग और सामान दिखाई दिए। काफी देर तक निगरानी के बावजूद कोई व्यक्ति उन सामानों को लेने नहीं पहुंचा।
सुबह करीब 7:15 बजे खाली रेक सहरसा वाशिंगपिट के लिए रवाना हुआ। RPF कर्मी भी ट्रेन के साथ वाशिंगपिट पहुंचे और वहां भी कुछ समय तक निगरानी की गई। किसी व्यक्ति के सामान लेने नहीं पहुंचने पर संदिग्ध बैगों की जांच की गई।
जांच के दौरान AC कोच B-1 की सीट संख्या 33 और 49 के नीचे से पीले रंग का कपड़े का झोला बरामद हुआ। वहीं B-2 कोच की सीट संख्या 17 और 29 के नीचे से एक रेक्सीन बैग और एक प्लास्टिक का झोला मिला। वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच जब इन बैगों और झोलों को खोला गया तो उनमें विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।
सभी सामान की जांच के बाद कुल 44 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। इसमें Royal Stage ब्रांड की 10 बोतल, Blender Pride ब्रांड की 6 बोतल और Signature ब्रांड की 28 बोतल शामिल हैं। प्रत्येक बोतल की क्षमता 750 एमएल थी। कुल बरामद शराब की मात्रा 33 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 43 हजार रुपये है।
RPF द्वारा मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब को जब्त किया गया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सहरसा के उत्पाद विभाग को सूचना दी गई। समस्त प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब्त शराब और संबंधित कागजात को सहरसा पोस्ट लाया गया।
बाद में उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण कुमार एवं उनके स्टाफ ने मौके की कार्रवाई पूरी करने के बाद जब्त शराब को अग्रेतर कार्रवाई के लिए अपने कब्जे में ले लिया। मामले में शराब को ट्रेन में छिपाकर ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0 Comments