सहरसा पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी और कई मामलों में वांछित अपराधी शशिभूषण कुमार उर्फ यश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रहे प्रिवेंटिव पुलिसिंग अभियान के अंतर्गत की गई।
डीआईयू टीम और सदर थाना पुलिस की संयुक्त छापेमारी में आरोपी को गंगजला वार्ड नंबर चार, संतनगर इलाके से दबोचा गया। छापेमारी के दौरान यश कुमार के साथ मौजूद उसके सहयोगी अमीत कुमार के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। इस मामले में सदर थाना में आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत नया केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी यश कुमार पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह अलग-अलग थानों में दर्ज नौ मामलों में वांछित था और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। आरोप है कि उसने विशनपुर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास लूट की घटना के दौरान मोटरसाइकिल सवार युवक को गोली मारकर घायल कर दिया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक यश कुमार के खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं, जो सहरसा जिले के अलावा आसपास के जिलों तक फैले हुए हैं। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस कानून-व्यवस्था के लिहाज से बड़ी कामयाबी मान रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध पर लगाम लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और फरार व इनामी अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

0 Comments