सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के सुखासन वार्ड नंबर 3 स्थित प्रसिद्ध सुखेश्वर नाथ मंदिर में अज्ञात चोरों ने दानपेटी तोड़कर करीब पचास हजार रुपये की चोरी कर ली। चोरी की यह घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब मंदिर के पुजारी और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो उन्होंने दानपेटी टूटी हुई देखी, जिसके बाद घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर की दानपेटी पिछले चार से पांच महीनों से नहीं खोली गई थी। इस दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लगातार चढ़ावे की राशि डाली जा रही थी, जिससे दानपेटी में अच्छी रकम जमा हो गई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में मंदिर परिसर में घुसकर दानपेटी को निशाना बनाया और नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में जुट गए और चोरी की घटना पर नाराजगी जताई। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर एक आस्था का केंद्र है और इस तरह की घटनाएं लोगों की भावनाओं को आहत करती हैं। उन्होंने दानपेटी और मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
.png)
0 Comments