सहरसा नगर निगम के शाहपुर वार्ड संख्या 6 में स्थित बाढ़ आश्रय स्थल अब सिर्फ आपदा के समय उपयोग होने वाली जगह नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के मद्देनजर नगर निगम ने इस क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य शुरू कर दिए हैं।
मेयर बेनप्रिया की दूरदर्शी सोच और सक्रिय नेतृत्व में यह स्थल अब रोजगार, सौंदर्य और सुविधा का केंद्र बनता जा रहा है। नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने बताया कि यहां का नवीनीकरण पूरी तरह से योजनाबद्ध तरीके से हो रहा है।
पहले जो बाढ़ आश्रय स्थल था, अब उसे जीविका दीदियों के लिए सिलाई और उत्पादन केंद्र में बदल दिया गया है। यहां स्टिचिंग यूनिट, स्टोर, किचन और शौचालय जैसी सुविधाएं बनाई जा रही हैं। बड़ी संख्या में सिलाई मशीनें लगेंगी, जिससे महिलाओं को एक ही स्थान पर काम करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए पूरे परिसर में चारदीवारी बनाई जा रही है।
साथ ही, परिसर में स्थित पोखर को आकर्षक और साफ-सुथरा बनाया जा रहा है। चारों ओर की ऊबड़-खाबड़ जमीन को समतल कर मजबूत और सुंदर पेवर्स ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। पोखर के पास एक नया पार्क भी बनाया जा रहा है, जिसमें ओपन जिम, हरियाली, औषधीय पौधे और फूल लगाए जाएंगे। पशु शेड का भी नवीनीकरण किया जा रहा है, जिससे परिसर का पूरा वातावरण व्यवस्थित और उपयोगी बने।
मेयर बेनप्रिया की पहल और नगर निगम की मेहनत के कारण शाहपुर वार्ड संख्या 6 का यह स्थल अब विकास और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बन गया है। लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन के दौरान यह पूरी तरह तैयार परिसर सहरसा की प्रगति और समृद्धि की कहानी बयां करेगा।
.png)
.png)
0 Comments