सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में शंकरपुर के पास बाइक दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहा था। संतुलन बिगड़ने के बाद उसकी बाइक दीवार से जा टकराई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।
घायल युवक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। वह रामपुर गांव का रहने वाला है और उसके पिता का नाम कार्तिक सिंह है। परिजनों के अनुसार बलवाहाट एनएच पर उसकी दुकान है और दुकान बंद करने के बाद वह घर की ओर जा रहा था, इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बलवाहाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच में उसके सिर में गंभीर चोट पाई, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया।
फिलहाल युवक का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।
0 Comments