Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

मधेपुरा में ऑनर किलिंग का खुलासा: पिता-चाचा ने गला घोंटकर की 20 वर्षीय युवती की हत्या, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार


मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीपरा करौती गांव में बीते 10 दिनों से उलझी 20 वर्षीय युवती की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में यह मामला ऑनर किलिंग का निकला, जिसमें युवती के सगे पिता और चाचा ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में पिता, चाचा और युवती के प्रेमी—तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी की रात करीब 3 बजे युवती को उदाकिशुनगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया। यहीं से साजिश रची गई। परिजनों ने एंबुलेंस से ले जाने के बजाय अपने निजी वाहन से मधेपुरा ले जाने की बात कही, लेकिन उसे अस्पताल के बजाय घर ले जाकर लोक-लाज के डर से गला घोंटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को भागलपुर के महादेवपुर गंगा घाट ले जाकर अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने नवगछिया के पास शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जांच के दौरान आरोपी पिता ने पुलिस को गुमराह करने के लिए बेटी के प्रेमी रिशु कुमार के खिलाफ यौन शोषण और धोखा देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई और दावा किया कि उन्हें बेटी के गर्भवती होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की परतें खोलीं।

पुलिस ने 20 फरवरी को पहले प्रेमी रिशु राज उर्फ हेमराज कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि युवती की हत्या उसके परिजनों ने की है। उसने यह भी स्वीकार किया कि नवजात बच्ची को लाल-पीले रंग के थैले में भरकर एनएच-106 स्थित पुल के नीचे फेंक दिया था। प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने रेशना के पास पुल के नीचे से थैला बरामद किया।

इसके बाद कड़ी पूछताछ में पिता और चाचा ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, साथ ही घटना में प्रयुक्त चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments