Live

6/recent/ticker-posts

चंद्रा टाइम्स

चंद्रा टाइम्स

Madhepura News : बिहारीगंज में सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, मानकों की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश



संवाद सूत्र, बिहारीगंज (मधेपुरा)। 
प्रखंड की गमैल पंचायत स्थित गोरपार में एसएच-91 से गोरपार मुस्लिम टोला होते हुए गंगौत टोला तिनटेंगा तक बन रही सड़क के निर्माण में गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने संवेदक पर सरकारी मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री से निर्माण कराने का आरोप लगाया है।

पूर्व मुखिया मु. महबूब आलम, अफसाना खातून, विकास कुमार, मदीना खातून, रहीना खातून, मु. अब्बास, वार्ड सदस्य समीर आलम, संतोष यादव और सत्येन्द्र नारायण सिंह सहित अन्य लोगों का कहना है कि जेएसबी से भराई के दौरान अधिकांश मात्रा में मिट्टी मिलाई जा रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। जलजमाव वाले स्थानों पर भी समुचित लेवलिंग नहीं की जा रही और गड्ढों को केवल मिट्टी भरकर समतल कर दिया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार निर्माण स्थल पर संवेदक की नियमित मौजूदगी नहीं रहती, जिसके कारण अकुशल मजदूर मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं। जब मजदूरों से सवाल किया जाता है तो वे संवेदक से बात करने की बात कहकर टाल देते हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

बताया गया कि उक्त सड़क की कुल लंबाई 1.907 किलोमीटर है, जिस पर 1 करोड़ 19 लाख 48 हजार 91 रुपये की प्राक्कलन राशि स्वीकृत है। इसके बावजूद मानकों की अनदेखी से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी और एसडीएम से करते हुए जांच की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क जल्दी ही क्षतिग्रस्त हो जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से मानक के अनुरूप, गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण सुनिश्चित कराने और जांचोपरांत दोषी संवेदक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि लंबे समय तक आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Post a Comment

0 Comments