मधेपुरा, बिहार: मंगलवार की सुबह मधेपुरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतका की पहचान जीतापुर निवासी मो. मुर्शीद की पत्नी काजल (25) के रूप में हुई। घटना के समय उसके पास उसकी दो मासूम बच्चियां भी थीं, जो अपनी मां के शव के पास बिलखती रहीं।
स्थानीय लोगों और यात्रियों के अनुसार, मृतका की तीन साल की बेटी शहनाज ने रोते हुए बताया कि रात को उसकी मां ने घर में फांसी लगा ली थी। सुबह काजल का पति, मो. मुर्शीद, मां के शव और दोनों बच्चियों को लेकर ऑटो से स्टेशन पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चियों को स्टेशन पर रखी चेयर पर बैठाया और मां का शव उनकी गोद में लिटा दिया। इसके बाद पिता बच्चियों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटनास्थल पर मौजूद यात्रियों ने घंटों तक बच्चियों को मृत मां के साथ बैठे देखा, जिससे सभी की आंखें नम हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मृतका और उसके पति के बीच पिछले एक महीने से विवाद चल रहा था। काजल गर्भवती भी थी। हालांकि, जीतापुर से स्टेशन की दूरी मात्र 14 किलोमीटर होने के बावजूद दोपहर तक कोई भी सगा संबंधी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।
मौके पर सहरसा से जीआरपी इंस्पेक्टर दिलीप कुमार और आरपीएफ की टीम पहुंची। शव का मुआयना करने पर महिला के गले पर काले निशान पाए गए, जो फांसी या गला घोंटने की आशंका जताते हैं। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा हुआ प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पति की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।
0 Comments